Agra News :आगरा में समाजवादी पार्टी ने मनाई सावित्रीबाई फुले जयंती
आगरा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री माननीय अखिलेश यादव के निर्देशानुसार सावित्रीबाई फुले की जयंती आगरा जनपद में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय, फतेहाबाद रोड, आगरा पर किया गया, जिसकी संयुक्त अध्यक्षता जिला अध्यक्ष उदल सिंह कुशवाहा एवं महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत सावित्रीबाई फुले के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन करने के साथ हुई। वक्ताओं ने उनके जीवन संघर्ष, महिला शिक्षा और सामाजिक समानता के लिए दिए गए ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष उदल सिंह कुशवाहा एवं महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने संयुक्त रूप से कहा कि समाजवादी पार्टी सदैव उन महापुरुषों एवं महापुरुषाओं की जयंती मनाती है, जिन्होंने समाज के उत्थान और सामाजिक न्याय के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया। उन्होंने कहा कि आज देश और प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा, सामाजिक सौहार्द और लोकतांत्रिक मूल्यों पर खतरा बढ़ रहा है, ऐसे समय में समाजवादी पार्टी बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर, डॉ. राममनोहर लोहिया, महात्मा गांधी और फुले दंपत्ति के विचारों पर चलते हुए समानता और न्याय की लड़ाई लड़ रही है।
इसी क्रम में आयोजित मासिक संगठनात्मक बैठक में संगठन की मजबूती और मतदाता सूची (SIR) को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। नेताओं ने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ होते हैं और जो भी कार्यकर्ता निष्ठा और मेहनत से कार्य करेगा, उसे संगठन में सम्मानपूर्वक स्थान दिया जाएगा। पिछड़े वर्ग, दलित और अल्पसंख्यक समाज के कार्यकर्ताओं की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में सभी कार्यकर्ताओं को अपने-अपने बूथ मजबूत करने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक बूथ पर कम से कम 10 सक्रिय कार्यकर्ताओं की टीम गठित करने का लक्ष्य रखा गया, ताकि आगामी जिला पंचायत चुनाव एवं वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी आगरा जनपद की कम से कम पाँच सीटों पर ऐतिहासिक जीत दर्ज कर सके।

कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करते हुए जनता के बीच लगातार कार्य करेंगे और वर्ष 2027 में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लक्ष्य को प्राप्त करेंगे।
कार्यक्रम का संचालन पुष्पेंद्र शर्मा एवं मीडिया प्रभारी पवन प्रजापति ने किया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से फारुख सियर, वीरेंद्र सिंह चौहान, सुरेंद्र चौधरी, पवन प्रजापति, सलमान खान, सतीस चाहर, संतोष पाल, पठान कुरैशी, परवेज खान, असलम वारसी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।