अम्बेडकर नगर न्यूज। संवाददाता मदन गोपाल
जनपद अम्बेडकर नगर के विकास खण्ड जहांगीरगंज अंतर्गत स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज तेंदुआई कलां में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती रेखा देवी द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर किया गया। इसके उपरांत दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत हुई। कार्यक्रम का सफल संचालन सुश्री विभा राय (प्रवक्ता) ने किया।

विद्यालय की शिक्षिका अनुष्का राय के नेतृत्व में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जबकि संजली मौर्या द्वारा सजावट एवं रंगोली की आकर्षक व्यवस्था की गई। कार्यक्रम में सोनी सिंह, हास्टल वार्डन खुशबू सिंह, लिपिक आनंद कुमार तथा परिचारक तारकेश्वर त्रिपाठी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
कार्यक्रम के दौरान विशिष्ट अतिथि श्री वंश बहादुर एवं प्रधानाचार्या श्रीमती रेखा देवी द्वारा वर्षभर विभिन्न प्रतियोगिताओं—जैसे खेल, निबंध, चित्रकला, रंगोली, अनुशासन तथा कक्षा 10 व 12 में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही विद्यालय गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाने वाले अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया। विशिष्ट अतिथि श्री वंश बहादुर को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का समापन छात्राओं को मिष्ठान वितरण एवं उपस्थित सभी लोगों को जलपान कराकर किया गया।