बिहार न्यूज़: राजापाकर के नारायणपुर बुजुर्ग पंचायत में महिला सभा आयोजित, सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
संवाददाता: राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली (बिहार)।
वैशाली जिले के राजापाकर प्रखंड क्षेत्र की नारायणपुर बुजुर्ग पंचायत स्थित पंचायत भवन के प्रांगण में आगा खान ग्राम समर्थन कार्यक्रम (भारत) के तत्वावधान में महिला सभा का आयोजन किया गया। सभा का शुभारंभ पंचायत की मुखिया श्रीमती बेबी देवी एवं बाल विकास परियोजना पदाधिकारी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
महिला सभा के दौरान पंचायत क्षेत्र की महिलाओं को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। इसमें मुख्यमंत्री ग्रामीण पेयजल निश्चय योजना, मुख्यमंत्री ग्रामीण नली-गली निश्चय योजना, समाज कल्याण विभाग की योजनाओं, लोहिया स्वच्छता अभियान, समेकित बाल विकास सेवा (आईसीडीएस), आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड सहित प्रखंड स्तर पर संचालित विभिन्न विभागीय योजनाओं के संबंध में जानकारी साझा की गई।
महिलाओं की समस्याओं के समाधान पर जोर

सभा में पंचायत की महिलाओं की समस्याओं और शिकायतों को प्रमुखता से सुना गया। उपस्थित महिलाओं को बताया गया कि पंचायत स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं को ग्राम पंचायत की ग्राम सभा पंजी में दर्ज किया जाएगा। इसके बाद ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) के अंतर्गत संबंधित समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा।
इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना, उन्हें योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सहयोग देना तथा पंचायत के विकास कार्यों में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है।
बड़ी संख्या में शामिल हुईं महिलाएं
महिला सभा में पंचायत की मुखिया श्रीमती बेबी देवी, मुखिया प्रतिनिधि अमरेश सिंह, सविता कुमारी, अभिषेक कुमार, राधाकृष्ण कुमार, मनोहर कुमार, सफक नाज, सीमा कुमारी एवं रीना कुमारी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। इसके अलावा समुदाय की बड़ी संख्या में महिलाओं ने सभा में भाग लिया।
कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को अपने अधिकारों, सरकारी योजनाओं और पंचायत स्तर पर शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया। महिला सभा को पंचायत के विकास कार्यों में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।