संवाददाता – राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली (बिहार)
30 मार्च 2026 (सोमवार)
राजापाकर । शिक्षा विभाग, बिहार सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत वैशाली जिले के राजापाकर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न राजकीय प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों में वार्षिक परीक्षा के उपरांत कॉपियों के मूल्यांकन के बाद सोमवार को छात्रों के बीच मार्कशीट का वितरण किया गया।

मार्कशीट प्राप्त करते ही बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। कई छात्र-छात्राएं अपने परिणाम देखकर उत्साहित नजर आए और एक-दूसरे के साथ अपनी खुशी साझा करते दिखे।
पीएम श्री राजकीय मध्य विद्यालय राजापाकर के प्रधानाध्यापक प्रभात कुमार चौधरी ने बताया कि इस वर्ष विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा है। उन्होंने कहा कि जो छात्र नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहते हैं, उन्हें अच्छे अंक प्राप्त हुए हैं, जबकि अनियमित छात्रों के अंक अपेक्षाकृत कम आए हैं।
उन्होंने आगे जानकारी दी कि कक्षा 8 के सभी छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण होने के बाद अपने पोषक क्षेत्र के उच्च विद्यालयों में नामांकन लेंगे। अधिकतर छात्र पास के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कक्षा 9 में प्रवेश लेते हैं।
विद्यालय प्रशासन के अनुसार 1 अप्रैल 2026 से छात्रों को स्थानांतरण प्रमाण पत्र (TC) जारी किए जाएंगे, जिसके बाद आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर उनका नामांकन हाई स्कूल में कराया जाएगा।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं में धर्मेंद्र कुमार गुप्ता, देवेंद्र कुमार गुप्ता, हरिनंदन कुमार, राजेश कुमार, बिंदु कुमारी, रीता कुमारी, गीता कुमारी, प्रमिला कुमारी, प्रेमशिला देवी आदि उपस्थित रहे।