संवाददाता – राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली (बिहार)
09 अप्रैल 2026
राजापाकर । प्रखंड राजापाकर क्षेत्र में गर्मी के मौसम की शुरुआत होते ही पीएचडी विभाग सक्रिय हो गया है। जिला पदाधिकारी के निर्देश पर विभिन्न पंचायतों में खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत युद्ध स्तर पर की जा रही है, जिससे आम लोगों को पेयजल संकट से राहत मिल सके।

आज पीएचडी विभाग के चापाकल मिस्त्री नरेश राय की टीम ने कई वार्डों में खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत की। राजापाकर उत्तरी पंचायत के प्रखंड मुख्यालय स्थित राजापाकर बाजार में नीरज कुमार के दरवाजे पर लगे हैंडपंप (हाथीकल) को ठीक किया गया। इसके अलावा दिनेश ठाकुर (वार्ड 10), मोहम्मद मुकीम (वार्ड 11), मोहम्मद मरन मियां (वार्ड 11), गणेश कुमार (वार्ड 13) एवं मनोज राम (वार्ड 10) सहित कई स्थानों पर चापाकलों को दुरुस्त किया गया।
बताया गया कि सांसद एवं विधायक निधि से लगाए गए कई चापाकल गर्मी शुरू होते ही सूख गए थे या खराब हो गए थे, जिससे ग्रामीणों और राहगीरों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा था। अब इनकी मरम्मत होने से लोगों को राहत मिलेगी और सार्वजनिक स्थानों पर पानी की उपलब्धता सुनिश्चित होगी।
इस संबंध में पीएचडी विभाग की कनीय अभियंता अनामिका कुमारी ने बताया कि प्रखंड के सभी पंचायतों में विभाग द्वारा लगाए गए चापाकलों की निगरानी की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जहां भी चापाकल खराब हो, उसकी सूचना विभाग को दें, ताकि शीघ्र मरम्मत कर जल आपूर्ति बहाल की जा सके।