Bihar News: प्रखंड मुख्यालय को जोड़ने वाली जर्जर सड़क के निर्माण की मांग को लेकर राजापाकर प्रखंड अंतर्गत भलुई चौक के पास सैकड़ों ग्रामीणों ने अंचलाधिकारी गौरव कुमार का घेराव किया। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की हालत बेहद खराब हो चुकी है, जिससे आए दिन पैदल यात्रियों, साइकिल सवारों तथा दोपहिया व चारपहिया वाहन चालकों को दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने अंचलाधिकारी को बताया कि बारिश के दिनों में सड़क पर पानी और कीचड़ जमा हो जाता है, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है। सबसे गंभीर बात यह है कि प्रतिदिन प्रखंड कार्यालय में कार्यरत सभी पदाधिकारी और कर्मचारी इसी सड़क से कार्यालय आते-जाते हैं, बावजूद इसके अब तक इस समस्या पर कोई ठोस पहल नहीं की गई।
ग्रामीणों ने बताया कि लगभग एक वर्ष पूर्व स्थानीय निवासी गणेश साह इसी सड़क से गुजर रहे थे, तभी कीचड़ और फिसलन के कारण गिरने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। इसके बावजूद सड़क की बदहाली को लेकर अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर हल चलाकर विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया।
घेराव के दौरान अंचलाधिकारी ने ग्रामीणों से आवेदन देने की बात कही, जिस पर दर्जनों ग्रामीणों ने हस्ताक्षरयुक्त आवेदन अंचलाधिकारी को सौंपा।
इसी दौरान क्षेत्र भ्रमण पर निकले स्थानीय विधायक महेंद्र राम भी मौके से गुजरे, जिन्हें ग्रामीणों ने सड़क की जर्जर स्थिति से अवगत कराया। विधायक ने मौके पर सड़क का निरीक्षण किया और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि चाहे प्रशासनिक स्तर से हो या सामाजिक स्तर से, जल्द से जल्द समस्या का समाधान कर सड़क का निर्माण कराया जाए, ताकि आवागमन सुचारू हो सके।
इस मौके पर अनिल कुमार, पंकज कुमार, सुरेश साह, मनीष झा, नरेश राय, मुकेश झा, मोहन राय, सुबोध राय, रुस्तम खान, दिलशाद खान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।