संवाददाता: राजेन्द्र कुमार
राजापाकर / वैशाली।
राज्य सरकार के निर्देशानुसार वैशाली जिले के राजापाकर प्रखंड में शनिवार को विभिन्न विभागों द्वारा जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान सभी विभागों के पदाधिकारियों ने अपने-अपने कार्यालय कक्ष में जनता दरबार लगाकर आम लोगों की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही संबंधित मामलों के निष्पादन हेतु आवेदन प्राप्त किए।

इसी क्रम में अंचल कार्यालय राजापाकर परिसर में अंचलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में जनता दरबार आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोग भूमि विवाद, भूमि मापी, म्यूटेशन एवं परिमार्जन से जुड़ी समस्याएं लेकर पहुंचे।
जनता दरबार में कामेश्वर सिंह, ग्राम लगूराव बिलंदपुर के भूमि विवाद के मामले की सुनवाई की गई। अंचलाधिकारी ने दोनों पक्षों को अगले शिविर में उपस्थित होने का निर्देश दिया। वहीं छोटू कुमार द्वारा दिए गए भूमि मापी संबंधी आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए शीघ्र भूमि मापी कराने का निर्देश संबंधित कर्मियों को दिया गया।
इसके अलावा म्यूटेशन एवं परिमार्जन से जुड़े कई मामलों में हो रही देरी को गंभीरता से लेते हुए अंचलाधिकारी ने संबंधित हल्का राजस्व कर्मचारी को सभी लंबित आवेदनों की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया, ताकि समयबद्ध तरीके से म्यूटेशन प्रक्रिया पूरी की जा सके।
राजस्व महाभियान के तहत ऑफलाइन दिए गए आवेदनों को लेकर लोगों की शंकाओं का समाधान करते हुए अंचलाधिकारी ने बताया कि सभी ऑफलाइन आवेदन ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड कर दिए गए हैं। अब सभी भूमि रैयत अपने खाता, खेसरा एवं रकवा से संबंधित जानकारी राजस्व विभाग के पोर्टल पर देख सकते हैं।
इस अवसर पर अंचल कार्यालय के कर्मी शेखर कुमार, संगम कुमार, रूपा कुमारी, नवीन कुमार, बच्चा बाबू सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।