संवाददाता विजय कुमार
प्रयागराज। जिला पंचायत सभागार में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बजट 2026 की प्रमुख विशेषताओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए उन्होंने बजट को विकासोन्मुख, गरीब कल्याण केंद्रित और युवाओं को सशक्त बनाने वाला बताया।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं बल्कि रोजगार देने वाला बनाना है। उन्होंने बताया कि बजट 2026 में युवाओं, उद्यमियों, किसानों, महिलाओं और समाज के सभी वर्गों के लिए व्यापक प्रावधान किए गए हैं। युवाओं से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि वे बजट दस्तावेज डाउनलोड कर उसका अध्ययन करें और इसकी जानकारी आम लोगों तक पहुंचाएं।

उन्होंने डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि उद्योग, निवेश और स्वरोजगार के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया गया है। आज वैश्विक स्तर पर भारत निवेश का बड़ा केंद्र बना है और राज्यों में उत्तर प्रदेश अग्रणी भूमिका निभा रहा है। आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को पूरा करने के लिए स्वदेशी उत्पादन, बेहतर पैकेजिंग और मजबूत मार्केटिंग व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

पर्यटन क्षेत्र का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य देश में सबसे अधिक पर्यटकों को आकर्षित कर रहा है। अयोध्या, काशी, मथुरा और प्रयागराज प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में उभरे हैं। एक जनपद–एक उत्पाद योजना को अन्य राज्यों ने भी अपनाया है, जबकि एक जिला–एक व्यंजन योजना से स्थानीय उत्पादों को नया बाजार मिल रहा है।
आईटी और मोबाइल निर्माण क्षेत्र में प्रगति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देश में मोबाइल निर्माण तेजी से बढ़ा है, जिसमें प्रदेश की महत्वपूर्ण भागीदारी है। बजट में आईटी और विनिर्माण सेक्टर को और मजबूत करने के प्रावधान शामिल किए गए हैं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष बी.के. सिंह, विधायक गुरु प्रसाद मौर्य सहित कई जनप्रतिनिधि और युवा मौजूद रहे।