संवाददाता प्रताप सिंह आजाद
सदर बाजार स्थित ब्रिटिश सेंटर ऑफ इंग्लिश के हॉल में आयोजित एक संक्षिप्त समारोह में फेम के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह सोबती ने श्री कृष्ण कुमार गोयल को फेम आगरा मंडल अध्यक्ष नियुक्त किए जाने की आधिकारिक घोषणा करते हुए उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपा।
कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह सोबती, जिलाध्यक्ष राजेश खुराना और महामंत्री ब्रजेश पंडित का स्वागत माल्यार्पण एवं शाल ओढ़ाकर किया गया।

इस अवसर पर भूपेंद्र सिंह सोबती ने फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (FAME) के संगठनात्मक ढांचे और उद्देश्यों की जानकारी देते हुए बताया कि फेम एक राष्ट्रीय व्यापारी परिसंघ है, जिसकी उपस्थिति देश के 23 राज्यों और 450 जिलों में प्रभावी रूप से दर्ज है। उन्होंने कहा कि व्यापारी समस्याओं के समाधान के लिए संगठन लगातार प्रयासरत है और भारत सरकार द्वारा गठित व्यापारी कल्याण बोर्ड में फेम के पाँच पदाधिकारी प्रतिनिधित्व करते हैं।
नवनियुक्त मंडल अध्यक्ष कृष्ण कुमार गोयल ने फेम नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे अपने साथियों के सहयोग से आगरा मंडल में संगठन को और अधिक सक्रिय करेंगे तथा व्यापारियों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देंगे।
कार्यक्रम में सदर बाजार के व्यापारी समुदाय से आशा कपूर, जुगनू चौहान, संजीव कपूर, दिनेश गोयल, अविनाश सेंगर, शैलेश अग्रवाल, राकेश गोयल, सतीश गोयल, यश गोयल, संजय सेंगर, धनंजय सेंगर, शक्ति सिंह, दीप बघेल, दीपक खत्री सहित कई व्यापारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री ब्रजेश पंडित ने किया।