संवाददाता: मोहन सिंह
स्थान: बेतिया, जिला पश्चिमी चंपारण (बिहार)
दिनांक: 21 मार्च 2026
जिला पश्चिमी चंपारण । बेतिया नगर निगम वार्ड संख्या 24, पदमानगर निवासी श्रीमती प्रभा द्विवेदी एवं वरिष्ठ पत्रकार सुनील दुबे के कनिष्ठ पुत्र राहुल रोहित (उर्फ मोहित) ने इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (IIM) की फाइनल परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है।

समारोह में मिला सम्मान
भारतीय प्रबंधन संस्थान तिरुचिरापल्ली (चेन्नई) में आयोजित एक समारोह के दौरान शनिवार को राहुल रोहित को प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। उन्हें संस्थान के डायरेक्टर प्रो. गॉडविन टेनिसन एवं अन्य अधिकारियों द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
बैंकिंग सेवा के साथ पूरी की कठिन पढ़ाई
राहुल रोहित ने महाराष्ट्र में बैंकिंग सेवा में कार्यरत रहते हुए इस कठिन पढ़ाई को न केवल सफलतापूर्वक पूरा किया, बल्कि फाइनल परीक्षा में प्रथम स्थान भी हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से न सिर्फ पश्चिमी चंपारण बल्कि पूरे बिहार का मान बढ़ा है।
IIM का महत्व
जिस प्रकार तकनीकी शिक्षा में आईआईटी का विशेष महत्व होता है, उसी प्रकार बैंकिंग एवं फाइनेंशियल एजुकेशन के क्षेत्र में आईआईएम का महत्वपूर्ण स्थान है। ऐसे प्रतिष्ठित संस्थान में प्रथम स्थान प्राप्त करना एक बड़ी उपलब्धि मानी जाती है।
परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल
राहुल रोहित की इस सफलता से उनके परिवार, मित्रों एवं पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
मुख्य बिंदु
- बेतिया के राहुल रोहित ने IIM परीक्षा में किया टॉप
- तिरुचिरापल्ली में मिला सम्मान
- बैंकिंग सेवा के साथ पूरी की पढ़ाई
- जिले और राज्य का नाम किया रोशन