Etawah News: Tourists reach Chambal Pachnad under Pachnad Rock Night Festival
संवाददाता: दिलीप कुमार
इटावा: पांच नदियों के संगम स्थल पर चांदी की तरह चमकते रेतीले कण, मनोरम शांत बीच, लुभाने वाली प्रवासी पक्षियों के कलरव और अठखेलियां, सरसों के खिले पीले फूल, घुमावदार एकांत टापू, सैलानियों के लिए बेहतरीन पिकनिक ठिकाना बना। अवसर था दो दिवसीय पचनद राक नाइट फेस्टिवल का। इसमें पर्यटकों ने रात-दिन कैंपिग, कैंप फायर, हाइकिग, बोटिग, सैंड स्पोर्ट्स आदि के साथ खाने-पीने के साथ बीच नाइट स्टे का खूब लुत्फ़ उठाया।
सिध, पहुज, क्वारी, चंबल और यमुना पांच नदियों के संगम स्थल पर्यटकों के लिए हब बन गया। चंबल पर्यटन के सलाहकार शाह आलम ने बताया कि पंचनद घाटी में दस्यु सरगनाओं के खात्मे के दशक भर बाद अब सैलानियों का बसेरा बन गया है। पंचनद फेस्टिवल में लोक कला और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में लोग जमकर थिरके। इस पहल से स्थानीय स्तर पर रोजगार का सृजन भी हो रहा है।