संवाददाता महेश कुमार
इटावा: 25 और 26 मई को सुबह 11 बजे से शपथ दिलाई जाएगी। इसके लिए ब्लॉक स्तर पर अधिकारी नामित कर दिए गए हैं। प्रधान और सदस्य पंचायत घर या सार्वजनिक भवन/स्थल पर शपथ लेंगे। डीपीआरओ यतेंद्र सिंह ने बताया कि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से कोविड प्रोटोकाल का पालन करते हुए शपथ दिलाई जाएगी।
शपथ ग्रहण की सूचना 27 मई तक डीपीआरओ कार्यालय में देनी होगी। प्रधानों के शपथ पत्र डीपीआरओ कार्यालय में और सदस्यों के ब्लाक कार्यालय में रखे जाएंगे। जिले की सभी ग्राम पंचायतों का चुनाव तो हो गया है लेकिन 287 ग्राम पंचायतों में कहीं सभी तो कहीं दो तिहाई ग्राम पंचायत सदस्यों के पद खाली हैं।
ग्राम पंचायतों के प्रधान और निर्वाचित हो चुके सदस्य फिलहाल शपथ नहीं ले पाएंगे। इन ग्राम पंचायतों में सदस्यों के खाली पदों पर चुनाव होने के बाद ही शपथ ग्रहण हो पाएगा। राज्य निर्वाचन आयोग से पंचायत उपचुनाव की घोषणा होने तक 287 ग्राम पंचायतों का कामकाज प्रशासक ही चलाएंगे।