आशीष कुमार
इटावा/जसवंतनगर: बलरई क्षेत्र में अचानक एक राष्ट्रीय पक्षी मोर की पेड़ से गिरकर मौत हो जाने से स्थानीय लोग आशंकित हैं और इस घटना को लोग प्राकृतिक आपदा आने का संकेत मान रहे हैं।
बताया गया है कि बलरई कस्बे के आसपास यूकेलिप्टस के पेड़ों पर बड़ी संख्या में राष्ट्रीय पक्षी मोर आकर बैठते हैं। सुबह 6 बजे एक मोर अचानक ऊपर से गिरा और जैसे ही जमीन पर आया कि आसपास बैठे कुत्ते टूट पड़े और उसे बुरी तरह नोंच डाला। स्थानीय लोगों ने किसी तरह कुत्तों को अलग किया लेकिन तब तक राष्ट्रीय पक्षी मोर का शव छत विछत अवस्था में पड़ा था। सूचना पर पहुंचे वन विभाग के फॉरेस्ट सेक्शन ऑफिसर अजीत पाल सिंह ने अपने सहयोगी ज्ञानेश कुमार के साथ मोर के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए पशु चिकित्सालय भेजा है। उन्होंने कहा कि मोर की मौत किस कारण हुई है कहा नहीं जा सकता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही पता चल सकेगा,ग्रामीणों के अनुसार हो सकता है कि मोर कोई जहरीली फसल के दाने खा कर आया हो क्योंकि आजकल जायद की फसलों की बुबाई चल रही है,या फिर किसी अन्य कारण से गिरने पर कुत्तों ने मार दिया हो। बहरहाल कारण जो भी हो लेकिन स्थानीय लोग राष्ट्रीय पक्षी मोर की अचानक हुई इस तरह मौत को गंभीरता से ले रहे हैं और इसे आने वाली किसी प्राकृतिक आपदा का संकेत मान रहे हैं।