संवाददाता: मोहन सिंह
स्थान: बेतिया / पश्चिमी चंपारण
पश्चिमी चंपारण जिले के चनपटिया प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, उत्तरी घोघा की जर्जर व्यवस्था को लेकर विधायक अभिषेक रंजन ने विधानसभा में गंभीर सवाल उठाया है। उन्होंने सदन को बताया कि विद्यालय का संचालन फिलहाल मध्य विद्यालय सरासवा के केवल दो कमरों में किया जा रहा है।

विधायक ने कहा कि विद्यालय के पास न अपनी भूमि है और न ही अलग भवन, जिससे पठन-पाठन व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है। सीमित संसाधन और जगह की कमी के कारण छात्र-छात्राओं को समुचित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।
उन्होंने सदन में यह भी बताया कि कक्षाओं के नियमित और व्यवस्थित संचालन में बाधा आ रही है, जिसका सीधा असर विद्यार्थियों के भविष्य पर पड़ रहा है।
श्री रंजन ने सरकार से मांग की कि विद्यालय के लिए अविलंब उपयुक्त भूमि चिन्हित कर भवन निर्माण की स्वीकृति दी जाए और जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराया जाए। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इस मामले में त्वरित कार्रवाई आवश्यक है।