ब्यूरो संवाददाता
इटावा। जनपद में एक भाजपा नेत्री को फोन पर धमकी दिए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आगरा निवासी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, जस्वंतनगर थाना क्षेत्र की निवासी भाजपा नेत्री दीपिका उर्फ पूजा ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 12 फरवरी 2026 को आगरा के शमसाबाद क्षेत्र निवासी एक युवक ने उन्हें फोन कर अभद्र भाषा का प्रयोग किया और जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने के उद्देश्य से अलग-अलग मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कर कॉल किए। हालांकि उन्होंने कॉल रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी है, जिसे साक्ष्य के रूप में पुलिस को उपलब्ध करा दिया गया है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी अवैध रूप से मोबाइल फोन की खरीद-फरोख्त में संलिप्त है और पूर्व में भी कई लोगों के साथ धोखाधड़ी कर चुका है। साथ ही उन्होंने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।