संवाददाता: मोहन सिंह
बेतिया / पश्चिमी चंपारण : VB G RAM G योजना के अंतर्गत अभिसरण (Convergence) के माध्यम से जल संसाधन विभाग द्वारा क्रियान्वित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त वैभव नितिन ने की। बैठक में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी G RAM G, विभाग के सभी कार्यपालक अभियंता तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शिता और समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने को लेकर कई आवश्यक निर्देश जारी किए गए। अध्यक्ष ने निर्देश दिया कि विभाग एवं अन्य संबंधित इकाइयों द्वारा संचालित सभी योजनाओं की प्रविष्टि युक्तधारा पोर्टल पर अनिवार्य रूप से की जाए तथा उपलब्ध आंकड़ों का आपसी मिलान भी सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी प्रकार की विसंगति न रहे।
समीक्षा के दौरान गन्ना विभाग से जुड़े जल स्रोतों, चौर एवं अन्य जल निकायों के विकास संबंधी योजनाओं का पंचायतवार संकलन कर उन्हें भी युक्तधारा पोर्टल पर दर्ज करने का निर्देश दिया गया। यह भी कहा गया कि यदि अब तक की प्रविष्टियों में कोई योजना छूट गई है तो उसे चिन्हित कर तत्काल पोर्टल पर अपलोड किया जाए।
उप विकास आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी संबंधित कार्य हर हाल में 28 फरवरी तक पूर्ण कर लिए जाएं, ताकि राज्य स्तर पर समेकित प्रतिवेदन समय पर तैयार हो सके। उन्होंने अधिकारियों से इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ नियमित निगरानी रखने और प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया, ताकि योजनाओं का लाभ अधिकतम किसानों और ग्रामीण समुदायों तक प्रभावी रूप से पहुंच सके।