संवाददाता : मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिम चंपारण।
बेतिया अंचल कार्यालय के आरटीपीएस काउंटर पर कार्यरत क्लर्क राजकुमार मिश्र को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद अंचल कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक शिकायत के आधार पर निगरानी विभाग ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और क्लर्क को रिश्वत की राशि लेते समय दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम आरोपी को अपने साथ ले गई तथा आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
शिकायतकर्ता बालेश्वर कुमार ने बताया कि उनकी जमीन की बंद पड़ी जमाबंदी को अनलॉक करने के एवज में क्लर्क द्वारा 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी। आरोप है कि रकम देने के लिए लगातार दबाव भी बनाया जा रहा था। इससे परेशान होकर उन्होंने निगरानी विभाग से शिकायत की, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
निगरानी विभाग की इस कार्रवाई को सरकारी कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। मामले की जांच जारी है और विभागीय स्तर पर भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।