संवाददाता मोहन सिंह
बेतिया | पश्चिमी चंपारण।
बेतिया साइबर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 28 ATM कार्ड, 8 मोबाइल फोन, 10 सिम कार्ड, 5 बैंक पासबुक और 4 चेकबुक बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी म्यूल अकाउंट के माध्यम से साइबर ठगी की रकम का लेनदेन करता था।

पुलिस को सूचना मिली थी कि नौतन थाना क्षेत्र के मंगलपुर गुदरिया निवासी संदीप कुमार गुप्ता भारी मात्रा में म्यूल बैंक अकाउंट खरीदकर उनमें साइबर फ्रॉड की रकम मंगवाता है और कमीशन काटकर शेष राशि अन्य साइबर अपराधियों को ट्रांसफर करता है। सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वरीय पुलिस उपाधीक्षक (साइबर क्राइम) के नेतृत्व में टीम गठित कर नौतन थाना के सहयोग से मंगलपुर बाजार स्थित गुप्ता वस्त्रालय में छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान दुकान के काउंटर और दराजों से 8 मोबाइल, 28 ATM कार्ड, 5 पासबुक, 4 चेकबुक और 10 सिम कार्ड बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह 4–5 हजार रुपये में म्यूल अकाउंट और सिम खरीदता था तथा साइबर ठगी की राशि मंगाकर 7–8 प्रतिशत कमीशन रखता था। इसके बाद ATM कैश डिपॉजिट मशीन के जरिए अलग-अलग खातों में रकम जमा करता था।
इस मामले में बेतिया साइबर थाना कांड संख्या 08/26, दिनांक 14-02-2026 दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्त:
संदीप कुमार गुप्ता, उम्र लगभग 30 वर्ष, निवासी मंगलपुर गुदरिया, थाना नौतन, जिला पश्चिमी चंपारण।
बरामदगी:
1. ATM कार्ड – 28
2. मोबाइल – 8
3. सिम कार्ड – 10
4. बैंक पासबुक – 5
5. चेकबुक – 4