बिदुपुर स्टेशन/वैशाली।
बिदुपुर स्टेशन बाजार क्षेत्र में रेल प्रशासन द्वारा शुक्रवार को बुलडोजर की मदद से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई के तहत रेलवे की जमीन पर किए गए अवैध कब्जों को हटाकर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

रेल प्रशासन ने बताया कि पूर्व में दुकानदारों को रेलवे की भूमि एलॉटमेंट से अधिक कब्जा कर दुकान लगाने को लेकर नोटिस दिया गया था। दो दिन पूर्व सभी दुकानदारों को स्पष्ट रूप से निर्देश दिया गया था कि वे रेलवे की अतिरिक्त भूमि खाली कर दें, अन्यथा जुर्माना और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नोटिस के बाद कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों के आगे लगी करकट और अस्थायी छावनियां स्वयं हटा ली थीं, लेकिन कुछ स्थानों पर दुकानों के सामने जमीन पर प्लास्टर और स्थायी ढांचा बना हुआ था। शुक्रवार को रेल प्रशासन ने बुलडोजर की मदद से इन सभी अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया।
कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर मौजूद रहे। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए रेलवे पुलिस बल को भी तैनात किया गया था।
रेल प्रशासन के अनुसार, बिदुपुर स्टेशन बाजार में शाम के समय अत्यधिक रोड जाम की समस्या बनी रहती थी। दुकानदारों द्वारा सड़क तक दुकानें लगाए जाने के कारण यातायात बाधित होता था। जाम की गंभीर समस्या से निजात पाने और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।
रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगे भी स्टेशन परिसर और रेलवे भूमि पर अतिक्रमण पाए जाने पर बुलडोजर से कार्रवाई जारी रहेगी।