संवाददाता – मोहन सिंह
बेतिया, पश्चिमी चंपारण (बिहार)
06 अप्रैल 2026
पश्चिमी चंपारण । बेतिया समाहरणालय सभागार में सोमवार को पंचायती राज विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने की।

बैठक में विधायक विनय बिहारी, उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन, जिला पंचायती राज पदाधिकारी सौरव आलोक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
समीक्षा बैठक के दौरान पंचायत सरकार भवन, मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना, 15वीं केंद्रीय वित्त आयोग, षष्ठम राज्य वित्त आयोग, मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप योजना समेत कई महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिला पंचायती राज पदाधिकारी द्वारा पीपीटी के माध्यम से अद्यतन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई, जिसमें योजनाओं की वर्तमान स्थिति और चुनौतियों की जानकारी दी गई।
बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री दीपक प्रकाश ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन तय समयसीमा के भीतर और गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से पंचायत सरकार भवन के निर्माण, उपयोगिता प्रमाण पत्र की समय पर उपलब्धता, RTPS सेवाओं के प्रभावी संचालन तथा योजनाओं के पारदर्शी लाभ वितरण पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि जनहित सर्वोपरि है और योजनाओं का सही क्रियान्वयन ही विकास का आधार है।
वहीं विधायक विनय बिहारी ने सुझाव देते हुए कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में भूमि की उपलब्धता एक बड़ी समस्या है, जिसे जनप्रतिनिधियों के सहयोग से दूर किया जाना चाहिए। इस पर मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।