संवाददाता : मोहन सिंह
स्थान : बगहा, जिला : पश्चिमी चंपारण (राज्य : बिहार)
दिनांक : 12 मार्च 2026
बगहा प्रशासन आपके द्वार कार्यक्रम के तहत जिला प्रशासन पश्चिम चंपारण द्वारा बगहा-01 प्रखंड कार्यालय परिसर में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे आम जनता तक पहुंचाना था।

कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है कि लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके।
28 विभागों के स्टॉल लगाए गए
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की ओर से कुल 28 स्टॉल लगाए गए थे, जहां लोगों को योजनाओं की जानकारी दी गई और उनकी समस्याओं से जुड़े आवेदन लिए गए।

इन विभागों में प्रमुख रूप से सामाजिक सुरक्षा विभाग, पशुपालन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, आपूर्ति विभाग, समाज कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग, कृषि विभाग, पंचायती राज विभाग, आरटीपीएस सेवा, राजस्व विभाग, जीविका मिशन, आईसीडीएस विभाग, सहकारिता विभाग, श्रम संसाधन विभाग, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, डीआरसीसी, विद्युत विभाग, उद्योग विभागशामिल थे।
इन स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी और आवेदन प्रक्रिया के बारे में बताया गया।
250 से अधिक आवेदन प्राप्त
इस कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों से 250 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से कई आवेदनों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को भेज दिया गया।
इससे बड़ी संख्या में ग्रामीणों को तत्काल राहत मिली और उन्हें सरकारी योजनाओं से संबंधित आवश्यक जानकारी भी प्राप्त हुई।
जिलाधिकारी ने स्टॉलों का किया निरीक्षण
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने सभी विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने लाभार्थियों से सीधे बातचीत कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति का फीडबैक लिया। साथ ही ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर संबंधित अधिकारियों को शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
दिव्यांगजनों को बैट्री चालित ट्राइसाइकिल प्रदान
कार्यक्रम के दौरान कई लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ भी दिया गया।
मुख्य उपलब्धियां इस प्रकार रहीं
दिव्यांगजनों को बैट्री चालित ट्राइसाइकिल प्रदान की गई
आईसीडीएस स्टॉल पर एक बच्चे का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया डीआरसीसी स्टॉल के माध्यम से दो युवाओं को स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड दिया गया।
इन पहलों के माध्यम से प्रशासन ने यह संदेश दिया कि सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे जरूरतमंदों तक पहुंचाया जा रहा है।
सात निश्चय-3 योजना के बारे में दी जानकारी
जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में बताया कि सात निश्चय-3 योजना के तहत आम जनता के जीवन को आसान बनाने के लिए कई नई पहल की गई हैं।
उन्होंने कहा कि प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के लिए ऐसे कार्यक्रम बेहद महत्वपूर्ण हैं। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि हर सोमवार और शुक्रवार को सभी सरकारी कार्यालयों में पदाधिकारी आम जनता से मिलने के लिए उपलब्ध रहेंगे।
डीडीसी ने किसानों को केवाईसी कराने की अपील की
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन ने कहा कि यह पहल प्रशासन और जनता के बीच दूरी कम करने का प्रयास है।
उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपने किसान आईडी, जमाबंदी और आधार कार्ड के साथ एफआर कैंप में पहुंचकर केवाईसी अवश्य कराएं, ताकि भविष्य में सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में कोई परेशानी न हो।
कई वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में कई जिलास्तरीय और प्रखंडस्तरीय अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें प्रमुख रूप से अनिल कुमार सिन्हा, अरुण प्रकाश, चांदनी कुमारी, सौरभ आलोक, अब्दुल राशीद अंसारी, राकेश कुमार शामिल थे।
इसके अलावा कई अन्य विभागों के पदाधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।