अप्सा द्वारा आयोजित साहित्यिक एवं सांस्कृतिक फिएस्टा 2025 का भव्य उद्घाटन कर्नल्स ब्राइटलैंड पब्लिक स्कूल, आगरा में शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और चित्रकला प्रतियोगिता के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल (मत्स्य पालन, पशुपालन, डेयरी और पंचायती राज मंत्रालय) ने बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
उनके साथ विशिष्ट अतिथियों में डॉ. सुशील गुप्ता, डॉ. गिरधर शर्मा, डॉ. जी.एस. राना, त्रिलोक सिंह राना, कर्नल अपूर्व त्यागी, दीपिका त्यागी और प्रधानाचार्या रुबीना खानम उपस्थित रहीं।

कर्नल्स ब्राइटलैंड पब्लिक स्कूल में केंद्रीय मंत्री एस.पी. सिंह बघेल ने किया उद्घाटन, 47 स्कूलों के बीच 33 प्रतियोगिताएं
कार्यक्रम की शुरुआत रंगारंग प्रस्तुतियों से हुई जिसमें छात्रों ने पारंपरिक व आधुनिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक झलकियां पेश कीं। निर्णायक मंडल में शामिल रहे डॉ. मनोज कुमार, डॉ. आभा, डॉ. रेखा कक्कर, श्री देवेंद्र कुमार सिंह, डॉ. शारदुल मिश्रा और श्रीमती ललिता कुंजरू।
प्रो. बघेल ने छात्रों को शिक्षा, साहित्य, संस्कृति और खेलों में संतुलन बनाकर जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा:
अप्सा फिएस्टा जैसे आयोजनों से न केवल प्रतिभाओं को मंच मिलता है, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व और आत्मविश्वास का भी निर्माण होता है।”
इस बार अप्सा फिएस्टा 2025 में शहर के 47 विद्यालयों के 10,000 से अधिक छात्रों की भागीदारी है। कार्यक्रम के अंतर्गत 3 अक्टूबर से 16 अक्टूबर तक 33 प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, जिनमें 83 श्रेणियों के अंतर्गत 1931 पुरस्कार वितरित किए जाएंगे।
अप्सा अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने बताया कि फिएस्टा का समापन समारोह 17 अक्टूबर 2025 को होगा, जिसमें विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।
इस भव्य कार्यक्रम में अप्सा पदाधिकारी डॉ. जी.एस. राना, डॉ. गिरधर शर्मा, श्री त्रिलोक राना, राजेंद्र सचदेवा, मनीष गुप्ता, प्रवीन बंसल, रवि नारंग, युवराज सिंह राना, सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।