संवाददाता: राजेन्द्र कुमार
स्थान: राजापाकर / वैशाली
नारायणपुर बुजुर्ग पंचायत के नारायणपुर ग्राम में पशु स्वास्थ्य एवं उत्पादन संस्थान पटना द्वारा पशु चिकित्सा सह जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में पशुपालकों ने भाग लिया, जहां उन्हें पशुपालन से जुड़ी विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

शिविर के दौरान विभिन्न पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और जरूरत के अनुसार दवाओं का वितरण भी किया गया। पशुपालकों को कृमिनाशक दवा, अठैल की दवा, भूख बढ़ाने की दवा तथा बांझपन से संबंधित समस्याओं के लिए पाउडर उपलब्ध कराया गया।

पटना से आई चिकित्सक टीम ने पशुओं के ब्लड सैंपल लिए तथा गोबर की जांच भी की। विशेषज्ञों ने पशुपालकों को सलाह दी कि पशुओं को केवल भूसा और चोकर के बजाय हरा चारा भी नियमित रूप से खिलाएं। शाम के समय पशुओं को खेत-खलिहानों में चराने के लिए ले जाने की भी सलाह दी गई, जिससे उन्हें प्राकृतिक पोषण और रोग प्रतिरोधक क्षमता मिलती है।
चिकित्सकों ने बताया कि जो गाय-भैंस गर्भधारण नहीं कर रही हैं, उन्हें समय-समय पर मिनरल मिक्सचर देना चाहिए। साथ ही सभी पशुपालकों को पशु चिकित्सालय से नियमित रूप से कृमिनाशक दवा और आवश्यक टीकाकरण कराने का निर्देश दिया गया, ताकि गंभीर बीमारियों से बचाव हो सके।
शिविर में मोबाइल वेटरनरी यूनिट की टीम ने भी सहयोग दिया और पशुपालकों को व्यावहारिक परामर्श प्रदान किया। कार्यक्रम को ग्रामीण पशुपालकों के लिए उपयोगी और लाभकारी बताया गया।