संवाद जनवाद टाइम्स
बाह: पालिका अध्यक्ष चुनाव का बिगुल बजने के बाद राजनैतिक पार्टियों द्वारा प्रत्याशी घोषित करने में लेट लतीफी किए जाने से पिछले कुछ दिनों से असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। दावेदार अपनी अपनी उम्मीदवारी को लेकर जिला मुख्यालय तक दौड़ लगा रहे थे। सोमवार को नामांकन करने का अंतिम दिन था। अंतिम दिन 8 प्रत्याशियों ने नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किए। भारतीय जनता पार्टी से निवर्तमान चेयरमैन सुनील बाबू ने दो नामांकन किए। बहुजन समाज पार्टी की ओर से भाजपा छोड़कर बसपा का दामन थामने वाले अमित गुप्ता ने नामांकन किया। वहीं समाजवादी पार्टी से पवन टाइगर ने दो नामांकन किए। काँग्रेस से अजय पचौरी ने अपना नामांकन किया। वहीं समाजवादी पार्टी समर्थित दिवाकर सिंह गुर्जर ने निर्दलीय, बबीता पचौरी, अनूप कटारा, अख्तर हुसैन ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन किया है। नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद प्रत्याशियों ने प्रचार की तैयारियां शरू कर दी हैं।
दयाशंकर बोहरे ने उपजिलाधिकारी पर नामांकन न करने देने का लगाया आरोप
सोमवार को नगर पालिका अध्यक्ष के लिए नामांकन करने वालों का तहसील परिसर में तांता लगा रहा। पालिका अध्यक्ष पद के लिए नामांकन करने पहुंचे दयाशंकर बोहरे अपना नामांकन पत्र दाखिल नही कर सके। उन्होंने उपजिलाधिकारी पर नामांकन नही करने देने का आरोप लगाते हुए कहा कि वे निर्धारित समय पर ही नामांकन करने पहुंचे थे लेकिन उपजिलाधिकारी ने नामांकन कक्ष को बंद करा दिया जिससे वो नामांकन पत्र जमा नही कर सके। उन्होंने धांधली की शिकायत उच्च स्तर पर करने की बात कही है। वहीं आरओ कृष्णानंद तिवारी ने बताया कि प्रत्याशियों के नामांकन करने के लिए तीन बजे तक समय निर्धारित किया गया था और दयाशंकर निर्धारित समयावधि के बाद नामांकन करने पहुंचे थे जिससे उनका नामांकन नही हो सका।