बरुआ बहुआरा / वैशाली | संवाददाता: राजेन्द्र कुमार
बरुआ बहुआरा स्थित आगा खान फाउंडेशन के परिसर में समुदाय आधारित ग्रामीण आजीविका कार्यक्रम के तहत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी गई।

मौके पर संस्थान द्वारा चलाए जा रहे जल एवं स्वच्छता, गुड गवर्नेंस, कृषि उन्नयन, स्वास्थ्य एवं पोषण, स्वयं सहायता समूह तथा पशुपालन कार्यक्रमों पर चर्चा की गई। संस्थान के कर्मी जितेश कुमार ने बताया कि प्रखंड क्षेत्र में ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने के लिए बहुआयामी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूह के माध्यम से महिलाओं को समूहों में जोड़कर बकरी पालन और मुर्गी पालन का प्रशिक्षण दिया जाता है। प्रशिक्षण के बाद संस्थान द्वारा आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया जाता है, जिसमें बकरी और मुर्गी पालन के लिए शेड निर्माण तथा पशु-पक्षी उपलब्ध कराए जाते हैं, ताकि गरीब और असहाय महिलाएं स्वरोजगार से जुड़ सकें।
कृषि क्षेत्र में पारंपरिक खेती के बजाय उन्नत और सब्जी आधारित खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे किसान कम लागत में अधिक आय प्राप्त कर सकें। इसके साथ ही कौशल विकास कार्यक्रम के तहत शिक्षित बेरोजगार युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार निजी क्षेत्र में रोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। आर्थिक रूप से कमजोर और अप्रशिक्षित छात्राओं को भी प्रशिक्षण देकर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में संस्थान के पदाधिकारी एवं कर्मियों में जितेश कुमार, अभिषेक आनंद, शफक नाज, सविता कुमारी, साइ दास, रिचा गुप्ता, अमित कुमार, विपिन सिंह और अंगद कुमार आजाद सहित अन्य मौजूद रहे।