संवाददाता मोहन सिंह बेतिया
भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की बिहार राज्य सचिव मंडल सदस्य प्रभुराज नारायण राव ने अग्निपथ योजना का कड़ा विरोध किया है । उन्होंने कहा कि आज पूरे देश में बेरोजगारों की लंबी कतार खड़ी है । मोदी सरकार ने पिछले दिनों नौजवानों का वोट बटोरने के लिए दो करोड़ नौजवानों को प्रति साल रोजगार देने की बात करी । लेकिन नौजवानों को रोजगार नहीं मिला । अभी-अभी प्रधानमंत्री मोदी ने एक बार फिर नौजवानों को 10 लाख रोजगार देने का एक झूठा वादा किया है और यह सर्व विदित है कि देश की कॉर्पोरेट सरकार किसी तरह की सरकारी नौकरी देना नहीं चाहती है ।
दूसरी तरफ पिछले 2 साल से सेना में कोई बहाली नहीं हुई है । गांव के किसान के बेटे इस इंतजार में रहते हैं कि सेना के तीनों अंगों के किसी में भी बहाली निकले तो उसमें शामिल हुआ जाए । आज पूरे देश में नौजवान बहाली के इंतजार में बैठे हुए हैं और प्रधानमंत्री के द्वारा सेना में बहाली के लिए अग्नीपथ योजना जले पर मत रखना है ।
अग्निपथ योजना में जो बहाली होगी । उसकी अवधि 4 साल की होगी और अनुबंध पर होगी । उसके बाद उन नौजवानों को नौकरी से वंचित कर दिया जाएगा । यह घोर नौजवान विरोधी निर्णय है । क्योंकि सुरक्षा बल की बहाली के लिए नौजवानों की तैयारी में वर्षों लग जाते हैं । फिर उनको बहाली के बाद शस्त्र की ट्रेनिंग देने में बरसो लग जाते हैं और जब वे दक्ष हो जाते हैं । तब तक नौकरी से हाथ धोना पड़ जाएगा । यह कदम देश के नौजवान और सीमा की सुरक्षा के प्रति सरकार की भारी उपेक्षा है ।
श्री राव ने कहा कि अगर देश के नौजवानों और सीमा सुरक्षा विरोधी अग्निपथ योजना को सरकार वापस नहीं लेती , तो इसके खिलाफ देश के जागरूक नौजवानों को गोल बंद कर जबरदस्त विरोध किया जाएगा ।