संवाददाता मोहन सिंह बेतिया
पश्चिम चम्पारण के बेतिया स्थित सुप्रिया सिनेमा के समीप चौधरी पैलेस में रक्तदान समूह के तत्वावधान में 23 मार्च को शहीद भगत सिंह के बलिदान को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मानव जीवन के रक्षार्थ एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें जिले के कई सामाजिक संगठनों ने पारस्परिक संबंध स्थापित करते हुए अपना अपना बहुमूल्य योगदान समर्पित किया। जिसके परिणामस्वरूप सैकड़ों गणमान्यों से लेकर युवकों के द्वारा रक्तदान कर रक्त से किसी का जीवन ना जाए का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर निगम की निवर्तमान सभापति गरिमा देवी सिकारिया के प्रतिनिधि रोहित सिकारिया के द्वारा रक्तदान शिविर का शुभारंभ दीप प्रज्वलन कर किया गया। जिसमें रोहित सिकारिया ने रक्तदान करने के लिए सबको रक्तदान करने हेतु प्रेरित किया। उसके पश्चात एक एक कर कुल 55 लोगों ने रक्तदान कर बेतिया में रिकार्ड तोड़ने के साथ मानव जीवन को सुरक्षित करने हेतु 55 युनिट रक्त रक्त कोष में जमा करवाया। कार्यक्रम में जिस उत्साह से युवकों ने रक्तदान किया उससे यह स्पष्ट हो गया कि आज भी हम एक दूसरे के जीवन को बचाने की जज्बा रखते हैं और उसके लिए किसी भी कार्य से पीछे नहीं रह सकते हैं। रक्तदान शिविर के माध्यम से जो मानवता के रक्षक की भूमिका का निर्वहन आज की युवा पीढ़ी कर रही है वो सदा भविष्य में सभी के लिए असीमित व अद्भूत अनुकरणीय प्रेरणास्रोत बनकर समाज पर अमिट छाप छोड़ेगा।

पूर्व में पश्चिम चंपारण जिले में 2018 तक समय पर रक्त न मिलने की वजह से या रक्त के लिए मोटी रकम अदा न कर पाने के कारण न जाने कितने मरीजों को असमय ही अपने प्राण गवाने पड़ते थे। इन विकट परिस्थितियों को देखकर शहर के कुछ युवाओं ने ये ठाना और साथ ही अब जरूरतमंदों को समय पर और बिना कोई मोटी रकम अदा किए रक्त उपलब्ध कराने का प्रण लिया।तथा किसी भी मरीज की प्राण रक्त की कमी से न जाए ऐसा दृढ़ संकल्प लिया।
वर्ष 2019 के विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर “रक्तदान समूह बेतिया” की नींव आशीष उदयपुरिया और सुमित कुमार ने मिल कर रखा और समाज में मानवता की मिसाल पेश की।

टीम मेंबर्स में शामिल संस्थापक आशीष उदयपुरिया,सुमित कुमार सह संस्थापक नवनीत कुमार ,जितेंद्र श्रीवास्तव व अन्य टीम मेंबर्स स्वाति कुमारी, रुखसार निशा और सिद्धांत शर्मा के कड़ी मेहनत का ही परिणाम है कि अब तक टीम के द्वारा लगभग 531 से अधिक रक्तदान कराया जा चुका है। यह आंकड़ा प्राप्त करने में टीम की भूमिका के साथ उन सभी रक्तवीरों का रहा है जो समय समय पर अपना रक्त जरूरतमंदों को देते आए हैं।
उसी सहयोगात्मक भूमिका के रक्तवीरों के प्रेम, विश्वास और अमूल्य योगदान के बदौलत रक्तदान समूह बेतिया को अब तक विभिन्न स्थानों पर जैसे- समस्तीपुर,पटना,गया,बेतिया के साथ साथ नरकटियागंज में विशेष सम्मान से सम्मानित किया गया। अपने रक्तदान के कारण समूह ने गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में अपना नाम भी दर्ज करवाया है जो कि समूह के निःस्वार्थ और सेवा भाव का परिणाम है।
संस्थापक आशिष उदयपुरिया ने बताया कि रक्तदान समूह का संकल्प समाज में प्रत्येक व्यक्ति को रक्तदान के प्रति जागरूक करना है।और इसी संकल्प को पूरा करने के लिए शहीद भगत सिंह,राजगुरु और सुखदेव की पुण्यतिथि पर 23 मार्च 2022 को सुप्रिया रोड स्थित चौधरी पैलेस में सुबह 9 बजे से शाम 3 बजे तक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें जिले के लोगों ने बढ़चढ़ कर अपना योगदान देकर कार्यक्रम को सफल बनाते हुए आज कुल 55 युनिट रक्तदान की कीर्ति स्थापित की है। और आशा है कि इस जिले में कोई भी रक्त की कमी से मृत्यु को प्राप्त नहीं करेगा।
इस कार्यक्रम में रक्तदान समूह बेतिया के अलावा अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन, लायंस इंटरनेशनल, अस्तित्व फाउंडेशन, एचडीएफसी बैंक और बेतिया सिटी फेसबुक पेज का इस विशाल शिविर के आयोजन में बहुत ही महत्वपूर्ण योगदान है।
संस्थापक सुमित कुमार ने बताया कि आज के दौर में रक्त की आवश्यकता कब किसे पड़ जाए कुछ कहा नहीं जा सकता। हमारे और आपके द्वारा किए गए रक्तदान से ही रक्त के जरूतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध हो पाता है। इसलिए मानवता व मानव जीवन के लिए हर स्वस्थ मनुष्यों को रक्तदान करना चाहिए। रक्तदान करने से मनुष्य का शरीर भी कई रोगों से मुक्त हो जाता है और स्वास्थ लाभ भी प्राप्त करता है। रक्तदान से संबंधित कोई भी अफवाह व भ्रम नहीं रखना चाहिए क्योंकि किसी भी स्वस्थ व्यक्ति के लिए यह किसी तरह का आंतरिक व बाह्य प्रभाव नहीं डालता है।

शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तवीरों को मेडल व प्रशस्ति पत्र देखकर सम्मानित किया गया। वहीं कार्यक्रम में डॉक्टर अमिताभ चौधरी, आलोका चौधरी, वीणा चौधरी, नीतीश कुमार, पूनम झूनझूनवाला, मंजू काया, नीलम केशान, अभिषेक बरनवाल, राजू मिश्रा, जीतेन्द्र श्रीवास्तव,नवनीत कुमार, सिद्दांत शर्मा, स्वाति कुमारी, रूखशार, आदि लोग उपस्थित रहें जिसमें सभी का सराहनीय भूमिका कार्यक्रम को सफल बनाने में रहीं।