Bihar News :बरांटी थाना क्षेत्र में शारदीय नवरात्र की धूम, 5 स्थानों पर स्थापित हुईं मां दुर्गा की प्रतिमाएं
संवाददाता: राजेन्द्र कुमार
बिदुपुर स्टेशन, वैशाली।
वैशाली जिले के बरांटी थाना क्षेत्र में शारदीय नवरात्र को लेकर भक्तिमय माहौल बना हुआ है। क्षेत्र में पांच स्थानों पर मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित कर विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की जा रही है। नवरात्र के अवसर पर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। पूजा स्थलों पर वैदिक मंत्रोच्चारण और धार्मिक अनुष्ठानों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।
शुक्रवार को नवरात्र के छठे दिन श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के छठे स्वरूप मां कात्यायनी की पूजा-अर्चना की तथा सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। विभिन्न पूजा स्थलों पर श्रद्धालु पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन कर रहे हैं और पूजा-पाठ में भाग ले रहे हैं।

नवरात्र को लेकर विभिन्न पूजा समितियों की ओर से भव्य एवं आकर्षक पूजा पंडाल बनाए जा रहे हैं। राधारमण चौक, अछैवट चौक, पेठिया गाछी और बिदुपुर स्टेशन बाजार सहित थाना क्षेत्र के पांच स्थानों पर दुर्गा पूजा की तैयारियां चल रही हैं। पूजा समितियों की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और पूजा आयोजन को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।
वहीं, अनेक श्रद्धालुओं ने अपने घरों में भी कलश स्थापना कर नवरात्र का अनुष्ठान शुरू किया है। महिलाएं और युवतियां विशेष श्रद्धा एवं भक्ति के साथ पूजा-पाठ कर रही हैं। सुबह से ही पूजा-अर्चना और धार्मिक गतिविधियों के कारण क्षेत्र में उत्सवी माहौल बना हुआ है।
नौ दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक पर्व को लेकर क्षेत्र के लोगों में काफी उत्साह है। श्रद्धालु पूरे भक्तिभाव से मां दुर्गा की आराधना कर रहे हैं। विजयादशमी के दिन पूजा की पूर्णाहुति होगी, जबकि अगले दिन मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा।
बिदुपुर स्टेशन बाजार में लगता है आकर्षक मेला
बिदुपुर स्टेशन बाजार में दुर्गा पूजा के अवसर पर मेले का विशेष आकर्षण रहता है। यहां आसपास के गांवों और दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग मां दुर्गा के दर्शन करने और मेला घूमने पहुंचते हैं। दुर्गा पूजा को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। नवरात्र के दौरान पूजा-अर्चना और मेले के आयोजन से क्षेत्र में धार्मिक उल्लास का माहौल बना हुआ है।