17 सितंबर को शाम 7 बजे हर घर प्रज्वलित हो ‘आशीर्वाद का दीया’: केशव प्रसाद मौर्य
रिपोर्ट : विजय कुमार
लखनऊ
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रदेशवासियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर की शाम 7 बजे अपने-अपने घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित करने का आग्रह किया है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि 17 सितंबर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस का विशेष अवसर है। उन्होंने कहा कि जनसेवा के क्षेत्र में प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की यात्रा सेवा, सुशासन, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न प्रयासों की साक्षी रही है।
केशव प्रसाद मौर्य ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर शाम 7 बजे अपने घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाएं। उनके अनुसार, यह दीया देश की सेवा में समर्पित प्रधानमंत्री के प्रति लोगों की शुभकामनाओं और आशीर्वाद का प्रतीक होगा।
उन्होंने प्रदेशवासियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना करने तथा देश की प्रगति, समृद्धि और ‘विकसित भारत’ के संकल्प की सफलता के लिए प्रार्थना करने का भी आह्वान किया।