संवाददाता : मोहन सिंह
बेतिया/पश्चिमी चंपारण। ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के सफल आयोजन को लेकर जिला पदाधिकारी, पश्चिम चंपारण ने जिले के सभी विभागों एवं संबंधित पदाधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इस वर्ष अभियान का आयोजन “वंदे मातरम् के 150 वर्ष” थीम पर किया जा रहा है। इसका उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के घर, कार्यालय एवं सार्वजनिक स्थलों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय गौरव तथा संविधान के प्रति सम्मान की भावना को सुदृढ़ करना और अभियान में व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित करना है।

जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि 12 अगस्त 2026 को पूर्वाह्न 10:00 बजे जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय परिसर से हरिवाटिका चौक स्थित गांधी प्रतिमा तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इस अवसर पर तिरंगा एवं ‘वंदे मातरम्’ विषयक प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, जन-जागरूकता अभियान तथा ‘सेल्फी विद तिरंगा’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। समाहरणालय परिसर सहित प्रमुख सरकारी भवनों एवं सार्वजनिक स्थलों को तिरंगा थीम पर आकर्षक प्रकाश सज्जा एवं विशेष सजावट से सजाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जिले के सभी अनुमंडलों, प्रखंडों, पंचायतों, नगर निकायों, विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य संस्थानों में तिरंगा यात्रा, ध्वजारोहण, सामूहिक ‘वंदे मातरम्’ गायन, तिरंगा रंगोली, ऑनलाइन क्विज, चित्रकला, निबंध लेखन एवं अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
अभियान के तहत प्रत्येक प्रखंड में जीविका के माध्यम से न्यूनतम 4,000 राष्ट्रीय ध्वजों का क्रय एवं वितरण सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक परिवार अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहरा सकें।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने, आमजन, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं युवाओं की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने तथा कार्यक्रमों के फोटो, वीडियो एवं प्रतिवेदन प्रतिदिन www.harghartiranga.com पर अपलोड कराने का निर्देश दिया है।
जिला पदाधिकारी ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि ‘हर घर तिरंगा अभियान’ केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान, एकता और गौरव का उत्सव है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर अभियान को सफल बनाने तथा राष्ट्रभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।