रिपोर्ट: विजय कुमार
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय, प्रयागराज की सत्र 2026-27 की बीएड एवं बीएड स्पेशल एजुकेशन प्रवेश परीक्षा शुक्रवार 7 अगस्त 2026 को प्रदेश के 10 जिलों के 13 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। प्रवेश परीक्षा के सफल आयोजन के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
प्रवेश परीक्षा का आयोजन पूर्वाह्न 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक किया जाएगा। आयोजन एवं संचालन समिति के समन्वयक के अनुसार, परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए कुलपति प्रोफेसर सत्यकाम के निर्देश पर सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्यवेक्षकों की नियुक्ति कर दी गई है। इसके साथ ही कोर कमेटी के सदस्य भी परीक्षा केंद्रों पर तैनात रहेंगे।
यह प्रवेश परीक्षा प्रदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के वरिष्ठ आचार्यों एवं प्राध्यापकों की देखरेख में संपन्न कराई जाएगी। इस वर्ष प्रवेश परीक्षा में कुल 7749 अभ्यर्थी शामिल होंगे। अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर परीक्षा में सम्मिलित हो सकते हैं।
विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. प्रभात चंद्र मिश्र ने बताया कि अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परीक्षा केंद्र आगरा, अयोध्या, बरेली, गोरखपुर, झांसी, कानपुर, लखनऊ, मेरठ, वाराणसी एवं प्रयागराज में बनाए गए हैं।
प्रयागराज में विश्वविद्यालय के यमुना परिसर स्थित त्रिवेणी सामुदायिक केंद्र एवं राजकीय इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा से संबंधित अभ्यर्थियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए विश्वविद्यालय में हेल्प डेस्क स्थापित की गई है, जहां प्रवेश परीक्षा आयोजन एवं संचालन समिति के सदस्य मौजूद रहेंगे।