संवाददाता : राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली।
प्रखंड कार्यालय राजापाकर के सभागार में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) डॉ. सूर्य प्रताप सिंह की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, सभी पंचायतों के विकास मित्र एवं पंचायत कर्मी उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए बीडीओ डॉ. सूर्य प्रताप सिंह ने कहा कि हाल ही में सभी पंचायतों में आयोजित शिविरों के दौरान ऑफलाइन प्राप्त राशन कार्ड आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र ऑनलाइन किया जाए, ताकि पात्र लाभुकों का राशन कार्ड जल्द बन सके और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।

उन्होंने निर्देश दिया कि जिन आवेदनों में किसी प्रकार की त्रुटि अथवा आवश्यक दस्तावेजों की कमी है, संबंधित आवेदकों को इसकी जानकारी देकर आवश्यक दस्तावेज अपने-अपने पंचायत के पंचायत कर्मियों के पास जमा कराने के लिए प्रेरित करें, जिससे उनका आवेदन निरस्त न हो।
बैठक में जिला जनगणना हस्त पुस्तिका निर्माण को लेकर भी विकास मित्रों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बीडीओ ने बताया कि सभी विकास मित्र अपने-अपने पंचायत क्षेत्र में क्षेत्रीय कर्मी के रूप में कार्य करते हुए मोबाइल एप के माध्यम से आवश्यक आंकड़े एकत्र करेंगे। इस कार्य के अंतर्गत पंचायत के विद्यालयों, स्वास्थ्य केंद्रों, सरकारी एवं गैर-सरकारी कार्यालयों की संख्या, विद्यार्थियों की संख्या सहित अन्य आवश्यक जानकारियां एप में दर्ज कर जिला जनगणना हस्त पुस्तिका तैयार की जाएगी।
उन्होंने बताया कि यह विशेष अभियान 1 अगस्त से 31 अगस्त तक चलेगा। इस अवधि में सभी विकास मित्र अपने-अपने पंचायतों से निर्धारित आंकड़े एकत्र कर प्रखंड कार्यालय में जमा करेंगे।
बैठक में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी आदिति कुमारी, विकास मित्र सरिता कुमारी, राजू कुमार, दिलीप कुमार सहित सभी पंचायतों के विकास मित्र एवं पंचायत कर्मी उपस्थित रहे।