संवाददाता : राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली। प्रखंड क्षेत्र के फरीदपुर गांव निवासी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवान पिंटू कुमार (32) का झारखंड में ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही पूरे गांव सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, पिंटू कुमार वर्ष 2016 में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में भर्ती हुए थे। वर्तमान में उनकी तैनाती झारखंड के चाईबासा क्षेत्र में थी। ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।
दिवंगत जवान अपने पीछे पिता शिवजी साह, माता प्रमिला देवी, पत्नी आरती कुमारी, दो पुत्रियां एवं डेढ़ माह के एक पुत्र को छोड़ गए हैं। उनकी बड़ी पुत्री जूही तान्या (6 वर्ष), दूसरी पुत्री कृति मिशा (2 वर्ष) तथा पुत्र की आयु मात्र डेढ़ माह है।
पिंटू कुमार का विवाह 10 दिसंबर 2018 को महुआ थाना क्षेत्र के मौदह सलखन्नी गांव निवासी आरती कुमारी के साथ हुआ था। उनके पिता शिवजी साह गांव में किराना दुकान संचालित करते हैं। परिवार में दो भाई और दो बहन हैं। बड़े भाई राजू कुमार पिता के व्यवसाय में सहयोग करते हैं।
परिजनों के अनुसार, जवान का पार्थिव शरीर देर रात तक फरीदपुर गांव पहुंचने की संभावना है। वहीं, गुरुवार सुबह हाजीपुर के कोनहारा घाट पर राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किए जाने की उम्मीद है।
सीआरपीएफ जवान के असामयिक निधन से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने दिवंगत जवान को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना