संवाददाता : राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली।
राजापाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सभागार में राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत निक्षय पोषण योजना के तहत निक्षय मित्रों के सहयोग से टीवी (क्षय रोग) के मरीजों के बीच खाद्य सामग्री का वितरण किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एस.पी. उपाध्याय ने की, जबकि संचालन गौतम कुमार ने किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रखंड विकास पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह सेंगर तथा पूर्व प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एस.के. रावत उपस्थित रहे। निक्षय मित्र के रूप में मुखिया प्रतिनिधि मुकेश पटेल एवं मुखिया सत्येंद्र नारायण सिंह ने भी अपनी सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर डॉ. एस.पी. उपाध्याय ने टीवी मरीजों को संबोधित करते हुए कहा कि टीबी का उपचार सामान्यतः छह माह का होता है। मरीजों को बीच में दवा बंद नहीं करनी चाहिए तथा प्रतिदिन समय पर दवा का सेवन करना चाहिए।

उन्होंने खांसते या छींकते समय रूमाल का उपयोग करने, जहां-तहां थूकने से बचने, भीड़भाड़ वाले स्थानों से दूर रहने, घर के कमरों में पर्याप्त धूप और स्वच्छ हवा आने देने तथा हरी सब्जियां, दूध, अंडा, दाल और मौसमी फलों जैसे पौष्टिक आहार लेने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने तंबाकू, धूम्रपान एवं अन्य नशे से दूर रहने का भी आग्रह किया।

कार्यक्रम के दौरान निक्षय मित्रों के सहयोग से टीवी मरीजों को चना दाल, मसूर दाल, मूंग दाल, राजमा, सरसों तेल एवं आटा सहित आवश्यक खाद्य सामग्री का एक किट प्रदान किया गया।
डॉ. एस.पी. उपाध्याय ने बताया कि कुल 62 टीबी मरीजों के बीच खाद्य सामग्री वितरित करने का लक्ष्य निर्धारित था। कार्यक्रम में 36 मरीज उपस्थित हुए, जिन्हें मौके पर ही खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई गई। शेष मरीजों को उनके घर जाकर खाद्य सामग्री वितरित की जाएगी।
इस अवसर पर डॉ. एस.पी. उपाध्याय, प्रखंड विकास पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह सेंगर, पूर्व प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एस.के. रावत, डॉ. सतीश वर्मा, डॉ. मनीषा, डॉ. जयंत, डॉ. अनिरुद्ध, बीसीएम रामराज सिंह, हेल्थ मैनेजर अभय कुमार, लिपिक आकृति सिन्हा सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।