संवाददाता : राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली।
जाफरपट्टी पंचायत में मुखिया सत्येंद्र कुमार सिंह के आवासीय परिसर में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की गाजीपुर शाखा द्वारा एनपीए कृषि ऋणों के निपटारे हेतु विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बैंक से ऋण प्राप्त करने वाले बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष किसान उपस्थित हुए।

इस अवसर पर शाखा प्रबंधक डॉ. विवेक कुमार सिंह ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि कृषक ऋण मोचन योजना के तहत पुराने कृषि ऋणों के निपटारे का सुनहरा अवसर प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने किसानों से अधिकतम छूट का लाभ उठाकर पुराने कर्ज से मुक्ति पाने की अपील की।
उन्होंने बताया कि यह विशेष सुविधा सीमित अवधि के लिए उपलब्ध है। बैंक ने किसानों और आम जनता से हरपुर हरदास शाखा में संपर्क कर ऋण निपटारे की प्रक्रिया का लाभ उठाने का आग्रह किया।
शिविर के दौरान बैंक द्वारा दर्जनों किसानों को आकर्षक छूट प्रदान कर उनके ऋणों का निपटारा किया गया। साथ ही अन्य किसानों से भी अपील की गई कि जिनके कृषि ऋण एनपीए (नॉन-परफॉर्मिंग एसेट) की श्रेणी में आ गए हैं, वे बैंक शाखा में संपर्क कर विशेष छूट का लाभ लेते हुए ऋण से मुक्ति प्राप्त करें।
कार्यक्रम में शाखा प्रबंधक डॉ. विवेक कुमार सिंह, क्षेत्रीय कार्यालय से मृणाल चमन, सुपरवाइजर विरेश कुमार, बीसी रवि कुमार राय, मुखिया सत्येंद्र कुमार सिंह, संजय सिंह, अजय सिंह, शिवनाथ सिंह, विनोद सिंह, अरुण सिंह, बच्चा सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।