गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे एलाइनमेंट बदलने की मांग को लेकर बेतिया में किसानों का विशाल धरना प्रदर्शन
गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे एलाइनमेंट बदलने की मांग को लेकर बेतिया में किसानों का विशाल धरना प्रदर्शन
Bihar News । बेतिया । पश्चिम चंपारण
गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे के प्रस्तावित नए एलाइनमेंट के विरोध में अखिल भारतीय किसान महासभा, खेत-खेती-किसान बचाओ संघर्ष समिति (नौतन) एवं भाकपा (माले) के नेतृत्व में पश्चिम चंपारण जिला समाहर्ता कार्यालय के समक्ष विशाल धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने किसानों की कृषि भूमि अधिग्रहण, गरीब परिवारों के विस्थापन तथा धार्मिक स्थलों को नुकसान पहुंचाने के आरोप लगाते हुए एलाइनमेंट बदलने की मांग की।
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक वीरेंद्र प्रसाद गुप्ता ने कहा कि विकास के नाम पर किसानों की बहुफसली कृषि भूमि, गरीबों के घर, व्यवसायिक प्रतिष्ठान और धार्मिक स्थलों को हटाना स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर किसानों की आजीविका की अनदेखी करने का आरोप लगाया।

किसान महासभा के जिला अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय पार्षद सुनील कुमार राव ने बताया कि पहले प्रस्तावित एलाइनमेंट से नौतन-बैरिया क्षेत्र को कम नुकसान था, लेकिन नए एलाइनमेंट के कारण लगभग 25 से 30 किलोमीटर क्षेत्र के दर्जनों गांवों के हजारों परिवारों के विस्थापन का खतरा उत्पन्न हो गया है। इससे बहुफसली खेती, रोजगार और सामाजिक संरचना पर गंभीर प्रभाव पड़ेगा।
खेत-खेती-किसान बचाओ संघर्ष समिति के नेताओं ने कहा कि जनप्रतिनिधि जनता के साथ खड़े होने के बजाय किसानों की जमीन और आशियाने को मुआवजे के आधार पर आंक रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एक्सप्रेसवे निर्माण से पर्यावरणीय संकट, प्रदूषण और स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ेंगी।
शिवचंद्र राम ने बेतिया राज की जमीन पर दशकों से बसे बगहीं रतनपुर पंचायत के पुलवा टोला के लोगों को उजाड़ने की कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
धरना कार्यक्रम में अखिल भारतीय किसान महासभा के राज्य पार्षद बिनोद यादव, इनौस के फरहान राजा, सुरेंद्र चौधरी, ठाकुर साहब, जोखू चौधरी, वीरेंद्र पासवान, सुजायत अंसारी सहित खेत-खेती-किसान बचाओ संघर्ष समिति एवं भाकपा (माले) के अनेक कार्यकर्ता एवं किसान उपस्थित रहे।