नरकटियागंज रोजगार मेले में उमड़ा युवा उत्साह, 2215 युवाओं ने कराया पंजीकरण
बेतिया / पश्चिमी चंपारण
नरकटियागंज स्थित सिंहेश्वर प्रसाद स्टेडियम में जीविका द्वारा दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना के अंतर्गत रोजगार सह मार्गदर्शन मेले का सफल आयोजन किया गया। मेले में बड़ी संख्या में युवक-युवतियाँ अपने करियर की शुरुआत के उद्देश्य से उत्साहपूर्वक शामिल हुए। अंतिम रिपोर्ट मिलने तक कुल 2215 युवाओं ने पंजीकरण कराया।

मेले में पहुंचे प्रतिभागियों ने विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों को अपना बायोडाटा सौंपा और अपनी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर तलाशे। कार्यक्रम में सेल्स एवं मार्केटिंग, हॉस्पिटैलिटी, सिक्योरिटी और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर से जुड़ी कंपनियों ने भाग लिया।

भाग लेने वाली प्रमुख कंपनियों में Blinkit, Quess Corp, SIS Security, NIIT Foundation, नवभारत फर्टिलाइजर और सनवी ग्रीन टेक सहित अन्य संस्थान शामिल रहे। उद्योग विभाग और आरसेटी ने भी अपने काउंटर लगाकर युवाओं को मार्गदर्शन दिया।

मेले का उद्घाटन एसडीएम नरकटियागंज अभिजीत कुमार, जिला परियोजना प्रबंधक आर. के. निखिल, नगर परिषद सभापति रीना देवी, प्रखंड विकास पदाधिकारी सूरज कुमार सिंह, प्रखंड परियोजना प्रबंधक रितेश सहाय और रोजगार प्रबंधक अमन तिवारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
जिला परियोजना प्रबंधक आर. के. निखिल ने कहा कि ऐसे रोजगार मेले युवाओं को कंपनियों से सीधे संवाद का अवसर देते हैं और उन्हें रोजगार की दिशा में आगे बढ़ाते हैं। एसडीएम
नरकटियागंज ने इस पहल को सम्मानजनक रोजगार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया और जीविका समूहों के कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में प्रखंड परियोजना प्रबंधक रितेश सहाय ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।