बेतिया / पश्चिम चम्पारण | संवाददाता: मोहन सिंह
पश्चिम चम्पारण जिले के चनपटिया थाना क्षेत्र में पुलिस और जिला आसूचना इकाई (DIU) की संयुक्त कार्रवाई में 2.264 किलोग्राम चरस के साथ एक महिला सहित तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मौके से एक पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
मिली जानकारी के अनुसार 10 फरवरी को चनपटिया थानाध्यक्ष एवं DIU टीम को सूचना प्राप्त हुई कि मोटरसाइकिल से दो व्यक्ति मादक पदार्थ लेकर तस्करी के उद्देश्य से जा रहे हैं। सूचना मिलते ही इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक, पश्चिम चम्पारण बेतिया को दी गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तत्काल छापेमारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए चनपटिया रेलवे स्टेशन के पास से एक पुरुष और एक महिला तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 2.264 किलोग्राम चरस जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने बीती रात तीसरे अभियुक्त को भी दबोच लिया। इस संबंध में चनपटिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी:
- विनोद सहनी, स्व. योगी सहनी के पुत्र, निवासी शिवाघाट, थाना गोपालपुर, जिला पश्चिम चम्पारण
- चांदनी सिंह, पति रघुवंश मनी सिंह, निवासी आलोक भारती, थाना नगर, जिला पश्चिम चम्पारण
- ओमप्रकाश सहनी, पिता सीताराम सहनी, निवासी शिवाघाट, थाना गोपालपुर, जिला पश्चिम चम्पारण
बरामदगी:
1. 2.264 किलोग्राम चरस
2. एक पल्सर मोटरसाइकिल
पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।