बेतिया / पश्चिमी चंपारण।
नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 02 में लंबे समय से मिल रही सफाई संबंधी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए गुरुवार को महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने वार्ड का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान इस्लामिया नगर, जमादार टोला सहित कई मोहल्लों में जगह-जगह कचरे के ढेर, दुर्गंध और नालियों की बदहाल स्थिति देखकर महापौर भड़क उठीं।

मौके की गंभीरता को देखते हुए महापौर ने नगर निगम के स्वच्छता नोडल अधिकारी अर्पित कुमार और प्रभारी मोहम्मद तबरेज आलम को तुरंत स्थल पर तलब किया। गंदगी के ढेर दिखाते हुए महापौर ने कड़ा रुख अपनाया और स्पष्ट शब्दों में कहा कि वार्ड की सफाई व्यवस्था वार्ड जमादार की जिम्मेदारी है, लेकिन लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने भी महापौर को बताया कि नियमित कचरा उठाव नहीं होने और नालियों की सफाई समय पर नहीं होने से उन्हें गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने अधिकारियों को इसे अंतिम चेतावनी बताते हुए निर्देश दिया कि पूरे नगर निगम क्षेत्र में नियमित, प्रभावी और समयबद्ध सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
महापौर ने कहा कि सफाई व्यवस्था नगर की छवि और नागरिकों के स्वास्थ्य से सीधे जुड़ी है। यदि तय समय में सुधार नहीं दिखा, तो संबंधित अधिकारियों और सफाई कर्मियों के विरुद्ध कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नियमित कचरा उठाव, नालियों की सफाई और कचरा प्रबंधन प्रणाली को दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए।
विशेष रूप से वार्ड संख्या 02 की स्थिति को गंभीर मानते हुए महापौर ने विस्तृत जांच रिपोर्ट तलब की है। उन्होंने निर्देश दिया कि सफाई कार्यों की वास्तविक स्थिति, जिम्मेदार कर्मियों की भूमिका और लापरवाही के कारणों की जांच कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।