Bagaha Human Trafficking Case: बगहा में तीन नाबालिग लड़कियों की तस्करी, मां-बेटा गिरफ्तार

Bagaha Human Trafficking Case
Share News

Bihar News | Bagaha | West Champaran

बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के बगहा पुलिस जिला अंतर्गत मानव तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा हुआ है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नाबालिग बच्चियों को तस्करी से मुक्त कराते हुए दो मानव तस्करों को गिरफ्तार किया है।

Bagaha Human Trafficking Case

इस संबंध में जानकारी देते हुए बगहा पुलिस अधीक्षक रामानंद कौशल ने बताया कि नौरंगिया थाना अध्यक्ष शुभम कुमार सिंह को गुरुवार दोपहर करीब 2:30 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र से अनुसूचित जनजाति (ST) समाज की तीन नाबालिग बच्चियों को बहला-फुसलाकर पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा है।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए तुरंत बगहा पुलिस की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU), नौरंगिया थाना पुलिस एवं जन शक्ति फाउंडेशन (NGO) की संयुक्त टीम का गठन किया गया। छापेमारी के दौरान तीनों नाबालिग बच्चियों को सुरक्षित मुक्त करा लिया गया।

पुलिस ने मौके से नियोति देवी (43 वर्ष) और उसके पुत्र नागेश भुइंया (19 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी पश्चिम बंगाल के पश्चिम वर्धमान जिले के निवासी बताए गए हैं। उनके पास से एक मोबाइल फोन और रेलवे टिकट भी बरामद किया गया है।

मुक्त कराई गई बच्चियों की उम्र लगभग 4 वर्ष, 6 वर्ष और 12 वर्ष बताई जा रही है, जो सभी नौरंगिया थाना क्षेत्र की निवासी हैं। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बच्चियों को सुरक्षित संरक्षण में रखा गया है।

एसपी रामानंद कौशल ने बताया कि इस मामले में मानव तस्करी गिरोह के अन्य तारों की भी जांच की जा रही है। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि यदि कहीं भी मानव तस्करी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

Trending News