Bihar News । राजापाकर (वैशाली)
संवाददाता: राजेन्द्र कुमार
आगामी होली पर्व के मद्देनजर जिले में अवैध नशीले पदार्थों के सेवन, निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के खिलाफ पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत बरांटी थाना पुलिस और एलटीएफ की संयुक्त टीम को बुधवार की रात बड़ी सफलता हाथ लगी।

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रंदाहा गांव में देर रात छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक नशीले पदार्थ के तस्कर को 17 ग्राम हेरोइन (स्मैक) के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अभिषेक कुमार, पिता स्वर्गीय बिनोद बैठा, निवासी ग्राम रंदाहा, थाना बरांटी, जिला वैशाली के रूप में की गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी से सघन पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में मिले सुरागों के आधार पर इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य तस्करों एवं सिंडिकेट सदस्यों की पहचान की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी जारी है।
इस मामले में बरांटी थाना में कांड संख्या 113/26 दर्ज किया गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि होली पर्व के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।