UP Election 2022: Congress announces list of 125 candidates, 50 women candidates
ब्यूरो संवाददाता
लखनऊ: कांग्रेस महासचिव व यूपी की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने यूपी चुनाव के लिए 125 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। दिल्ली में वर्चुअल प्रेस कांफ्रेस करते हुए प्रियंका ने सूची जारी करते हुए बताया कि सूची में 50 महिलाओं को उम्मीदवार बनाया गया है, वहीं 20 मुस्लिम समुदाय के लोगों को स्थान दिया है। सूची में कुछ पत्रकारों और एक अभिनेत्री, समाजसेवी और संघर्षशील महिलाओं को मौका दिया गया है। कांग्रेस ने उन्नाव सदर सीट से पीड़िता की मां को टिकट दिया।

इसके अलावा कांग्रेस की पहली सूची में पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद की पत्नी लुईस खुर्शीद को फर्रूखाबाद सीट से तो वरिष्ठ नेता पीएल पुनिया के बेटे तनुज पुनिया को बाराबंकी के कादीपुर सीट से उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को तमकुही राज से उम्मीदवार बनाया गया है। अजय इसी सीट से लगातार दो बार से विधायक हैं।
UP Election 2022: इटावा की नजर से उत्तर प्रदेश का किंग मेकर कौन? जाने युवाओ की राय
इसी तरह पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी की बेटी और विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल की नेता आराधना मिश्रा ‘मोना’ को भी प्रतापगढ़ के रामपुर खास सीट से टिकट दिया गया है। अराधना भी लगातार इस सीट से दूसरी बार विधायक हैं। वहीं शाहजहांपुर से आशा वर्कर पूनम पांडेय को मौका दिया गया है। जबकि नोएडा से पंखुड़ी पाठक को उतारा गया है। यही नहीं कांग्रेस की पहली सूची में महिलाओं के साथ ही युवा वर्ग को भी तरजीह दी गई है।