राजापाकर/वैशाली। 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजापाकर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों में तिरंगा ध्वज आन-बान-शान से फहराया गया।

पीएम श्री आदर्श मध्य विद्यालय राजापाकर में प्रधानाध्यापक प्रभात कुमार चौधरी तथा उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय में प्रभारी प्रधानाध्यापक विजय कुमार ने ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम की शुरुआत महान स्वतंत्रता सेनानी स्व. बच्चन शर्मा की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई।

इसके अलावा प्रखंड कार्यालय, बीस सूत्री कार्यालय, प्रखंड संसाधन केंद्र, बाल विकास परियोजना कार्यालय, राजापाकर थाना परिसर और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में क्रमशः अधिकारियों और पदाधिकारियों द्वारा ध्वजारोहण किया गया।
बीस सूत्री कार्यालय में अध्यक्ष अवधेश राय, प्रखंड संसाधन केंद्र पर प्रखंड विकास पदाधिकारी आनंद प्रकाश, बाल विकास परियोजना कार्यालय में मंजू कुमारी, थाना परिसर में थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार और स्वास्थ्य केंद्र में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एसपी उपाध्याय ने झंडोतोलन किया।
इस मौके पर सभी उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने राष्ट्रगान गाकर तिरंगे को सलामी दी और देशभक्ति के जयकारे लगाए।
वहीं निजी विद्यालयों जैसे एल एम इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल और मदर टेरेसा मिशन स्कूल में भी स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए। छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, नृत्य और नाटक प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न विद्यालयों द्वारा प्रभात फेरी भी निकाली गई, जिसमें देशभक्ति नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।