जसवंतनगर में होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखाई दिया। सोमवार को जिलाधिकारी शुभ्रांत शुक्ला एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने नगर क्षेत्र में पैदल भ्रमण कर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की तैयारियों का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने हाईवे चौराहा से रेलवे रोड तक बाजार क्षेत्र में पैदल मार्च कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आमजन व व्यापारियों से संवाद स्थापित किया। इस दौरान उन्होंने नागरिकों को होली की शुभकामनाएं देते हुए प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की।
जिलाधिकारी ने कहा कि होली खुशियों का त्योहार है, इसलिए किसी पर जबरन रंग न डालें और किसी भी प्रकार के विवाद से बचें। प्रशासन की प्राथमिकता है कि सभी लोग सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण में त्योहार का आनंद लें।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहार के दौरान बाजारों और मुख्य मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारू रखी जाए। अव्यवस्थित रूप से खड़े वाहनों और जाम की स्थिति उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध तत्काल चालान की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पत्रकारों से बातचीत में जिलाधिकारी ने बताया कि होली को लेकर व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। शांति व्यवस्था में खलल डालने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी जसवंतनगर आयुषी सिंह, कोतवाली प्रभारी कमल भाटी सहित पुलिस बल मौजूद रहा।