संवाददाता मनोज कुमार राजौरिया
इटावा। विधान परिषद चुनावों के मद्देनजर शराब की दुकानें आज(29 नवंबर 2020) शाम 5 बजे से बंद रहेंगी और सुरा प्रेमियों को निराशा होगी। उत्तर प्रदेश विधान परिषद स्नातक व शिक्षक निर्वाचन के मद्देनजर जनपद में लोक शांति बनाए रखने व स्वतंत्र निष्पक्ष और शांतिपूर्वक मतदान कराए जाने के उद्देश्य से 1 दिसंबर को मतदान के दिन मतदान समाप्ति अवधि से 48 घंटे पूर्व यानी 29 नवंबर शाम 5 बजे से ही देशी व अंग्रेजी शराब की दुकानें व मादक वस्तुओं के उपभोग को प्रतिबंधित किया गया है। यह जानकारी जिलाधिकारी द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में दी गई है।
जिलाधिकारी ने बताया कि आयुक्त/ रिटर्निंग आफीसर आगरा खंड स्नातक/शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के पत्र के साथ संलग्न मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश एवं भारत निर्वाचन आयोग द्वारा समस्त मतदेय स्थलों के प्रस्तावों का अनुमोदन प्रदान किया जा चुका है। आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन हेतु इस जनपद से संबंधित मतदेय स्थलों की सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। मतदेय स्थलों की सूची जिला निर्वाचन कार्यालय एवं निर्दिष्ट स्थानों पर जन सामान्य के लिए अवलोकन हेतु उपलब्ध है। मतदान केंद्र के हर बूथ पर सीसीटीवी कैमरा व कोविड-19 महामारी से बचाव के तहत थर्मल स्क्रीनिग मशीन, हैंड सैनिटाइजर की भी व्यवस्था होगी। किसी भी बूथ पर एक हजार से अधिक मतदाता नहीं होंगे।