Etawah News: भाजपा सरकार ने प्रदेश से डर, गुंडागर्दी और भ्रष्टाचार का किया खात्मा: स्वतंत्र देव सिंह

संवाददाता महेश कुमार
इटावा: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने समाजवादी पार्टी पर साधा निशाना कहा कि सपा सरकार में हर और गुंडागर्दी और भ्रष्टाचार था जिसे मोदी जी के नेतृत्व याली भाजपा सरकार ने प्रदेश में से पूरी तरह ख़त्म किया हैं। उन्होंने कहा की बीजेपी सरकार में हर वर्ग का विकास हुआ है, पहले लडकिया और महिलाये सड़को पर सुरक्षित नही निकल सकती थी लेकिन अब रात को 12 बजे भी सुरक्षित निकल सकती है। वे बकेवर कस्बे के औरैया रोड स्थित मैदान में शुक्रवार को भाजपा किसान मोर्चा के सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि एक बार फिर इटावा क्षेत्र की जनता इतिहास रचते हुए भाजपा की विजय पताका फहराने का काम करेगी। उन्होंने भाजपा सरकार में बिना भ्रष्टाचार के रोजगार देकर रिक्शे वालों के बच्चों को भी रोजगार मिलने की बात कही। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार ने गुंडाराज व माफियाराज खत्म करने का काम किया है। पहले की सरकारों में पुलिस यहां वहां झाड़ू लगाती थी अब वह पुलिस गुंडों को भगाने का काम कर रही है। पुलिस को देखते ही गुंडे भाग जाते हैं।
कांवड़ यात्रा को लेकर भी उन्होंने सपा पर वार किया और कहा कि सपा ने कांवड़ यात्रा में डीजे बजने पर रोक लगा दी थी लेकिन भाजपा ने हेलीकाप्टर से फूल बरसाये। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों को हक दिया, खेती किसानी की उन्नत तकनीक से देश में पैदावार बढ़ी है। किसानों के कल्याण की योजनाओं के कारण बिचौलियों से उन्हें मुक्ति मिली है। भाजपा ईमानदारी से अपने किए गए काम और राष्ट्रवाद के मुद्दे पर मैदान में है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को कर्मठ मुख्यमंत्री बताते हुए कहा कि सरकार में गरीबों को मुफ्त राशन, आवास व किसानों को राहत दी गई है।
स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि प्रदेश में पांच लाख नियुक्तियां हुई हैं। इनमें एक पैसे का भ्रष्टाचार सामने नहीं आया है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस का कोई भी कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष या प्रदेश अध्यक्ष नहीं बन सकता लेकिन भाजपा में यहां बैठे पार्टी के कार्यकर्ता भी कल का स्वतंत्र देव सिंह बन सकते हैं। उन्होंने जनता से वायदा किया कि वर्ष 2024 तक सभी के पास पक्का मकान होगा। इस दौरान सांसद प्रो रामशंकर कठेरिया, जिलाध्यक्ष संजीव राजपूत, भरथना विधायक और सदर विधायक, भाजपा किसान मंच के उपाध्यक्ष विकास भदौरिया समेत पार्टी के कई नेता कार्यकर्ता मौजूद रहे। संचालन शिवाकांत चौधरी ने किया।