Etawah News: सम्पूर्ण समाधान दिवस में पहुचे 45 फरियादी, 2 का हुआ समाधान

ब्यूरो संवाददाता
इटावा : सदर तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस में अधिकारियों ने जनता की समस्याएं सुनीं। इनमें कई शिकायतें कब्जे की आईं। कुल 45 शिकायतें आईं इनमें से 2 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। अधिकारियों से अन्य शिकायतों का एक सप्ताह में निस्तारण करने के लिए कहा गया। यह भी कहा कि निस्तारण में बिलम्ब होने पर उसका कारण भी बताया जाए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने शिकायतों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए सभी विभागीय अधिकारियों से कहा। उन्होंने कहा कि अधिकारी सम्बंधित कर्मचारियों के साथ मौके पर जाकर शिकायतकर्ता का पक्ष सुनते हुए उसका निस्तारण करना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि प्रकरणों की गंभीरता से जांच की जाये साथ ही जबाबदेह लोगों के विरूद्ध कार्रवाई की जाये। उन्होंने कहा कि जब भी अधिकारी गांवों के भ्रमण पर जाये अपने विभाग से संबंधित योजनाओं का मौके पर सत्यापन करें तथा लाभार्थियों का फीडबैक भी लें।
तहसील सदर में विभिन्न संदर्भों से संबंधित कुल 45 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुये, जिसमें से 2 प्रार्थना पत्रों का मौके पर निस्तारित कर दिया गया। संपूर्ण समाधान दिवस में सीमा देवी ग्राम झबरापुरा ब्लॉक बढ़पुरा ने बताया कि उसने अपनी भूमि गाटा संख्या- 309 पर अपना 2 वर्ष पूर्व मकान बनाया है प्रार्थिनी की भूमि गाटा संख्या- 309 के पास गाटा संख्या -308 लगा हुआ है जो गांव के मुख्य मार्ग से करीब 20 मीटर की दूरी पर स्थित है जिसके आने जाने के लिए कोई रास्ता नहीं है वह गरीब व असहाय है ,रास्ता न होने के कारण खेत जोतने बोने व सामान ले जाने के लिए बहुत ही परेशानियों का सामना करना पड़ता है , जिस पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कप्तान सिंह ग्राम नगला वर नरायणपुर मौजा सितौरा तहसील इटावा ने शिकायत की उनके दरवाजे के सामने उन्ही की भूमि पर विपक्षीगण को अवैध कब्जा कर लिया है उसे रोका जाए।
संपूर्ण समाधान दिवस में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने पुलिस विभाग से संबंधित मामलों की सुनवाई की। उन्होंने थानाध्यक्षों को निर्देश दिये कि प्रत्येक मामले में मौके पर जाकर कार्यवाही की जाये। बाद में जिलाधिकारी ने तहसील परिसर में पाम के पौधे को लगाया गया एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने नीम के पौधे को लगाया। उप जिलाधिकारी सदर विक्रम सिंह राघव, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी अतुलकान्त शुक्ला, जिला विकास अधिकारी दीनदयाल, क्षेत्राधिकारी अमित कुमार व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।