संवाददाता मोहन सिंह बेतिया
महापौर के कार्यालय कक्ष में बुधवार को संपन्न नगर निगम के सशक्त स्थायी समिति की बैठक में गरिमा देवी सिकारिया ने कहा कि छठ व्रत हमारे जिला और अपने बिहार में सबसे महत्वपूर्ण लोक आस्था से जुड़ा महापर्व है। इसके आयोजन में शुद्धता और साफ सफाई का महत्व सबसे अधिक होता है।
श्रीमती सिकारिया ने इसको लेकर नगर निगम क्षेत्र में अवस्थित सभी छठ घाटों के साथ उनके पहुंच पथ और मुख्य पथ की गुणवत्तापूर्ण साफ सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। महापौर ने नगर निगम क्षेत्र की साफ सफाई व्यवस्था में बुनियादी सुधार को सबसे जरूरी कार्य बताया। अपने योगदान के बाद सशक्त समिति की पहली बैठक का संचालन कर रहे नवागत नगर आयुक्त विनोद कुमार सिंह ने महापौर के कथन से सहमत होते हुए कहा कि नगर निगम के सभी छठ घाट सम्पर्क पथ के साथ वार्ड में साफ सफाई व्यवस्था में और सुधार की आवशयकता है। ऐसे में प्रकाश पर्व दीपावली और छठ महापर्व को लेकर सफाई व्यवस्था को मिशन मोड में चलाया जा रहा है। विशेष साफ सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर प्रत्येक पांच पांच वार्ड पर अस्थाई डंपिंग प्वाइंट बनाया गया है। समिति के वरीय सदस्य मनोज कुमार ने कहा कि पूरे नगर निगम क्षेत्र के सफाई कर्मियों में जिम्मेदारी के प्रति लापरवाही दिखी है। नगर आयुक्त के स्तर से बढ़ी इस पर सख्ती स्वागत योग्य है। रोहित कुमार सिकारिया ने कहा कि किसी भी नगर निकाय की सफाई व्यवस्था से उसकी पहचान और रैंकिंग बनती है।

नई व्याख्या से सुधार के साथ वर्षों से जारी बे रोक टोक भ्रष्टाचार और मनमानी पर रोक लगने की उम्मीद जगी है।