Bihar news पीयूसीएल के राज्य अध्यक्ष के निधन पर शोक सभा आयोजित

संवाददाता मोहन सिंह बेतिया
देश की अग्रणी मानवाधिकार संस्था लोक स्वातंत्र्य संगठन (पीयूसीएल) की बिहार राज्याध्यक्ष 66 वर्षीय प्रो. (डॉ.) डेजी नारायण के निधन पर जिला इकाई बेतिया द्वारा जिलाध्यक्ष डॉ. शमसुल हक के निवास पर शनिवार की संध्या श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। जिलाध्यक्ष डॉ. हक एवं पूर्व जिलाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) आर. के. चौधरी ने कहा लगभग तीन दशकों से पीयूसीएल के लिए कार्य कर रही प्रो. नारायण एक कुशल नेतृत्वकर्ता के साथ ही मानवाधिकार के प्रति सदैव सजग व तत्पर रहने वाली संगठनकर्ता थीं।
जिला इकाइयों की अपील को तुरंत स्वीकार कर उनका मार्गदर्शन करने, उत्साह बढ़ाने बिहार के विभिन्न जिलों में निकल जाना संगठन के प्रति उनका समर्पण दर्शाता है। बिहार का नेतृत्व करने के साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय कार्यकारिणी व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के दायित्व का बखूबी निर्वहन किया है।
राज्य कार्यकारिणी सदस्य डॉ. जगमोहन कुमार ने कहा कि महिला सशक्तिकरण की सशक्त मिशाल, लोकप्रिय शिक्षाविद, समर्पित समाजकर्मी, मेहनतकश मानवाधिकार कार्यकर्ता का जाना एक राष्ट्रीय व अपूरणीय क्षति है। इस सभा में उपस्थित जिला उपाध्यक्ष रामेश्वर प्रसाद, सचिव मनोज कुमार, राज्य परिषद् सदस्य मदन बनिक, जिला कार्यकारिणी सदस्य ई. सुरेन्द्र नारायण सिन्हा आदि ने कहा कि डॉ. डेजी का व्यक्तित्व व कृतित्व हमारे जेहन में हमेशा जीवित रहेगा, हमें प्रेरणा देते रहेगा। फोटो