बेतिया/पश्चिमी चंपारण।
नगर निगम क्षेत्र के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण को लेकर बेतिया नगर निगम ने महत्वपूर्ण पहल की है। महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने बताया कि चंपारण के स्वाधीनता संग्राम से जुड़ी अमूल्य विरासत “शहीद स्मारक” के सौंदर्यीकरण एवं संरक्षण का कार्य नगर निगम बोर्ड की स्वीकृत योजना के तहत पूरा कर लिया गया है। इस योजना पर कुल 14.61 लाख रुपये की लागत आई है।

महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने अधिकारियों और कर्मियों के साथ शहीद स्मारक स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्य की गुणवत्ता, संरचना की मजबूती और सौंदर्यात्मक पहलुओं का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के बाद महापौर ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में स्थित सभी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों को सुरक्षित, सुसज्जित और संरक्षित रखना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि शहीद स्मारक केवल एक ढांचा नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीरों की स्मृति का प्रतीक है, जिसका सम्मान और संरक्षण हम सभी का दायित्व है।
उन्होंने बताया कि स्मारक को पूज्य स्थल के रूप में सुरक्षित रखने के उद्देश्य से इसकी घेराबंदी कर दी गई है, ताकि परिसर में जूते-चप्पल पहनकर प्रवेश न हो सके। साथ ही परिसर में ग्रेनाइट से आकर्षक साज-सज्जा, सुंदर छतरी का निर्माण और उच्च स्तरीय प्रकाश व्यवस्था भी की गई है।
महापौर ने नगरवासियों, विशेषकर युवाओं से अपील की कि वे शहीद स्मारक स्थल पर आकर इसके ऐतिहासिक महत्व को जानें और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग से प्रेरणा लें। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास नई पीढ़ी में देशभक्ति और ऐतिहासिक चेतना को मजबूत करेंगे।